हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 11वें भारतीय क्रिकेटर बने, अलग-अलग देशों के 6 दिग्गज क्रिकेटरों को भी मिली जगह
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बड़ा सम्मान दिया है। टीम इंडिया को दो बार विश्व विजेता बनाने वाले पूर्व दिग्गज कप्तान धोनी को प्रतिष्ठित ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। लंदन में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से पहले एक खास कार्यक्रम के दौरान ICC ने विश्व क्रिकेट के 7 दिग्गजों को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया। भारत से धोनी का नाम सबसे पहले शामिल हुआ। इस तरह से धोनी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 11वें भारतीय क्रिकेटर बन गए।
विश्व विजेता कप्तान धोनी को मिला यह सम्मान
ICC हर साल विश्व क्रिकेट के कई महान खिलाड़ियों को हॉल ऑफ फेम में शामिल करता है। ICC ने क्रिकेट की विरासत को संजोने, अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को प्रेरित करने और खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले महान खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए 2009 में इसकी शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक ICC हर साल इस खास कार्यक्रम का आयोजन करता आ रहा है। इस बार इसका आयोजन लंदन में WTC फाइनल से पहले हुआ और इसमें 7 महान खिलाड़ी शामिल हुए।
2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले और 2007 में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले धोनी को उनकी शानदार कप्तानी, यादगार करियर और क्रिकेट में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। भारत के लिए 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके धोनी ने टीम इंडिया को 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जिताई। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में नंबर वन रैंक पर भी पहुंचाया।
हॉल ऑफ फेम में भारत के 11वें क्रिकेटर
हाल के वर्षों में सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ समेत कई महान भारतीय खिलाड़ियों को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। इस बार धोनी को यह सम्मान मिला। धोनी यह सम्मान पाने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बने। उनसे पहले ये 10 खिलाड़ी हॉल ऑफ फेम में शामिल हो चुके हैं- कपिल देव (2009), सुनील गावस्कर (2009), बिशन सिंह बेदी (2009), अनिल कुंबले (2015), राहुल द्रविड़ (2018), सचिन तेंदुलकर (2019), वीनू मांकड़ (2021), डायना एडुल्जी (2023), वीरेंद्र सहवाग (2023) और नीतू डेविड (2024)।
इन दिग्गजों को भी मिली जगह
सोमवार 9 जून को आयोजित इस कार्यक्रम में धोनी के अलावा अलग-अलग देशों के 6 अन्य दिग्गजों को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इनमें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज हाशिम अमला, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और स्टार स्पिनर डेनियल विटोरी, पाकिस्तान महिला टीम की पूर्व कप्तान सना मीर और इंग्लैंड की सारा टेलर शामिल हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें